आईसेक्ट विश्वविद्यालय हजारीबाग के छह विद्यार्थियों के लिए शुक्रवार का दिन खास रहा। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कैंपस सेलेक्शन प्रक्रिया में नोएडा की ऑटो एंसिलरी और थर्मल सॉल्यूशन कंपनी सुब्रोस लिमिटेड ने इंजीनियरिंग के 2026 बैच के छह विद्यार्थियों का चयन किया। चयनित विद्यार्थियों में दिनेश कुमार, राहुल कुमार, सागर कुमार, अरुण कुमार, रूपेश कुमार दास और शैलेन्द्र कुमार शामिल हैं।
कंपनी की ओर से एचआर हरीश कौशिक और संजीव कुमार ने चयन प्रक्रिया पूरी की। विद्यार्थियों की प्रतिभा परखने के लिए पहले समूह चर्चा और उसके बाद साक्षात्कार आयोजित किया गया। दोनों चरणों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कंपनी में रोजगार का अवसर मिला।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ गौरव शुक्ला ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। सुब्रोस जैसी प्रतिष्ठित औद्योगिक कंपनी द्वारा विद्यार्थियों का चयन उनके कौशल और विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रमाण है।
कुलसचिव डॉ मुनीष गोविंद ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को कक्षा की पढ़ाई तक सीमित नहीं रखता, बल्कि उन्हें उद्योग की जरूरतों के अनुरूप तैयार करता है। लगातार हो रहे कैंपस सेलेक्शन विद्यार्थियों के लिए रोजगार की संभावनाओं को मजबूत कर रहे हैं।
समकुलपति डॉ एसआर रथ ने कहा कि उद्योग जगत से सीधा जुड़ाव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देता है। ऐसे चयन कार्यक्रम उनके आत्मविश्वास और व्यावसायिक क्षमता को नई दिशा देते हैं।
ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट अधिकारी मनोज कुमार व सहायक अधिकारी रमेश अभिषेक ने संयुक्त रूप से कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार अवसर दिलाने के लिए विश्वविद्यालय लगातार प्रतिष्ठित कंपनियों को कैंपस चयन के लिए आमंत्रित कर रहा है। इंजिनियरिंग विभाग के एचओडी हिमांशु चौधरी समेत विश्वविद्यालय के सभी प्राध्यापक-प्राध्यापिकाओं व कर्मियों ने सभी चयनित विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की है।