आईसेक्ट विश्वविद्यालय का स्थापना दिवस सफलतापूर्वक संपन्न

Event Time & Date - Sun, May 17,2026
आईसेक्ट विश्वविद्यालय का स्थापना दिवस सफलतापूर्वक संपन्न
पिछले 10 वर्षों में बेहतर योगदान के लिए डॉ सीताराम शर्मा व एसएनके उपाध्याय को विश्वविद्यालय गौरव सम्मान से नवाजा गया
आईसेक्ट विश्वविद्यालय, हजारीबाग के मुख्य परिसर में स्थापना दिवस पर आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव कस्तूरी-2026 आखिरी दिन रंगारंग प्रस्तुतियों, सम्मान समारोह एवं पुरस्कार वितरण के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने गीत, संगीत, नृत्य एवं समूह प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ प्रीति व्यास ने प्रभावशाली ढंग से किया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों एवं विद्यार्थियों के स्वागत से हुई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार की ओर से पिछले 10 वर्षों में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए डॉ सीताराम शर्मा एवं एसएनके उपाध्याय को विश्वविद्यालय गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। इस दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला में बीपीए विभाग की शालिनी कश्यप, कृषि विभाग के संगम मेहता, बीबीए विभाग की पारिणीता एवं निक्की, बीपीए विभाग के अनुज कुमार, सीएस एंड आईटी विभाग की लकी कुमारी तथा एमबीए विभाग के अंकित कश्यप की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा। वहीं पॉलिटिकल साइंस विभाग की प्रिया सिंह, इंजीनियरिंग विभाग की जारा खान, सीएस एंड आईटी विभाग के समूह नृत्य एवं बीबीए विभाग के मून मेहता ग्रुप की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
इस अवसर पर कुलपति डॉ गौरव शुक्ला ने कहा कि कस्तूरी-2026 विद्यार्थियों की प्रतिभा, ऊर्जा और रचनात्मकता का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और सांस्कृतिक उन्नयन के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
कुलसचिव डॉ मुनीष गोविंद ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के भीतर आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करती हैं।
समकुलपति डॉ एसआर रथ ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से लगातार शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन करता रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान कला एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

    

    

    

  

Apply Now Enquiry Now WhatsApp Now