हजारीबाग। आईसेक्ट विश्वविद्यालय, हजारीबाग के फार्मेसी विभाग एवं आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया, नई दिल्ली के सहयोग से राष्ट्र स्तरीय एक दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का आयोजन शनिवार, 12 सितंबर को विश्वविद्यालय परिसर में किया जाएगा। कार्यक्रम का विषय राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 आधारित बी फार्म पाठ्यक्रम-2026 के प्रति अभिमुखीकरण एवं संवेदनशीलता रखा गया है।
कार्यक्रम में फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के कार्यकारी सदस्य धर्मेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। साथ ही देश नामचीन विशेषज्ञों की भी कार्यक्रम में मौजूदगी रहेगी। बता दें कि विश्वविद्यालय के कुलाधिपति संतोष चौबे मुख्य संरक्षक, कुलपति डॉ गौरव शुक्ला संरक्षक, समकुलपति डॉ एसआर रथ सह-संरक्षक तथा कुलसचिव डॉ मुनीष गोविंद मार्गदर्शक की भूमिका में रहेंगे। फार्मेसी विभाग के प्राचार्य सचिदानंद बेहेरा संयोजक एवं सहायक प्राध्यापक रोहित लाल सह-संयोजक हैं।
कुलपति डॉ गौरव शुक्ला ने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप पाठ्यक्रम में हो रहे बदलावों की जानकारी शिक्षकों तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। ऐसे कार्यक्रम शिक्षकों को नई शैक्षणिक व्यवस्था के अनुरूप बेहतर शिक्षण के लिए तैयार करेंगे।
कुलसचिव डॉ मुनीष गोविंद ने बताया कि फार्मेसी शिक्षा में गुणवत्तापूर्ण बदलाव के लिए शिक्षकों का निरंतर प्रशिक्षण जरूरी है। यह कार्यक्रम ज्ञान, शिक्षण पद्धति और पाठ्यक्रम की समझ को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।