आईसेक्ट विश्वविद्यालय में कस्तूरी-2026 का भव्य आगाज

Event Time & Date - Thu, July 16,2026
आईसेक्ट विश्वविद्यालय में कस्तूरी-2026 का भव्य आगाज
आईसेक्ट विश्वविद्यालय, हजारीबाग के मुख्य परिसर में विश्वविद्यालय स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम कस्तूरी-2026 का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गीत, संगीत, नृत्य, फैशन शो एवं हास्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे परिसर में उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों की छटा देखने को मिली। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ प्रीति व्यास ने प्रभावशाली ढंग से किया।
इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों एवं विद्यार्थियों के स्वागत से हुई। इसके बाद विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ गौरव शुक्ला, कुलसचिव डॉ मुनीष गोविंद, समकुलपति डॉ एसआर रथ, वोकेशनल निदेशक डॉ बिनोद कुमार, नामांकन निदेशक विजय कुमार सहित सभी अधिष्ठाता एवं विभागाध्यक्षों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर कुलपति डॉ गौरव शुक्ला ने कहा कि विश्वविद्यालय का स्थापना दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि संस्थान की उपलब्धियों, विद्यार्थियों की प्रतिभाओं और सामूहिक ऊर्जा का उत्सव है। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास को नई दिशा प्रदान करते हैं।
कुलसचिव डॉ मुनीष गोविंद ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनकी सांस्कृतिक प्रतिभाओं को भी निरंतर प्रोत्साहित करता है। उन्होंने कहा कि कस्तूरी-2026 जैसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता और अभिव्यक्ति का बेहतर मंच उपलब्ध कराते हैं।
समकुलपति डॉ एसआर रथ ने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियां शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में एलएलबी विभाग की पूजा कुमारी के गीत से शुरुआत हुई। इसके बाद बीबीए विभाग के समूह नृत्य, फैशन शो, बीपीए विभाग के राजेश रविदास एवं पम्मी कुमारी के गीत, बीसीए विभाग के अनु राज के नृत्य, सुमित कुमार की कॉमेडी प्रस्तुति तथा साइंस विभाग के मोनिका ग्रुप के समूह नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित भी किया गया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।





Apply Now Enquiry Now WhatsApp Now