आईसेक्ट विश्वविद्यालय में अंतर्विभागीय खेल प्रतियोगिता, फुटबॉल में आर्ट्स और इंजीनियरिंग फाइनल में

Event Time & Date - Thu, October 29,2026
आईसेक्ट विश्वविद्यालय में अंतर्विभागीय खेल प्रतियोगिता, फुटबॉल में आर्ट्स और इंजीनियरिंग फाइनल में
31 अक्टूबर को होगा खिताबी मुकाबला
हजारीबाग। आईसेक्ट विश्वविद्यालय, हजारीबाग में अंतर्विभागीय खेल टूर्नामेंट 2026-27 के तहत बुधवार को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। फुटबॉल में कला और इंजीनियरिंग विभाग की टीमों ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई।
दरअसल बुधवार को फुटबॉल का पहला मुकाबला वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग और विज्ञान विभाग के बीच खेला गया। इसमें वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग ने 4-1 से शानदार जीत दर्ज की। वहीं दूसरे मुकाबले में इंजीनयरिंग विभाग ने सीएस एंड आईटी विभाग को 4-0 से पराजित किया।
अब 31 अक्टूबर को कला विभाग और इंजीनियरिंग विभाग के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। छात्राओं की खो-खो प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबले में सीएस एंड आईटी विभाग ने विज्ञान विभाग को 9-5 से हराकर जीत हासिल की। दूसरा मुकाबला कला विभाग एवं वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग के बीच खेला गया, जो बराबरी पर समाप्त हुआ।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कबड्डी और वॉलीबॉल का फाइनल 30 अक्टूबर को जबकि खो-खो और फुटबॉल का फाइनल मुकाबला 31 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई हैं।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ गौरव शुक्ला ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करते हैं। पढ़ाई के साथ खेलों में भागीदारी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है।
कुलसचिव डॉ मुनीष गोविंद ने कहा कि अंतर्विभागीय खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को आपस में जुड़ने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का अवसर देती हैं। ऐसे आयोजनों से विश्वविद्यालय में सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण मजबूत होता है।
समकुलपति डॉ एसआर रथ ने कहा कि खेल जीवन में संघर्ष करने, चुनौतियों का सामना करने और सामूहिक प्रयास से लक्ष्य हासिल करने की सीख देते हैं।
टूर्नामेंट के सफल आयोजन में स्पोर्ट्स कमेटी के चेयरमैन डॉ डीएस नाग, खेल समन्वयक रविकांत कुमार, खेल शिक्षक आदित्य कुमार सहित डॉ राजकुमार, संजय दांगी, पंकज प्रज्ञा, डॉ मनीष कुमार, हिमांशु चौधरी, राहुल राज्यवार, रोहित लाल, कोमल पल्लवी भेंगरा, आयूष पाण्डेय, डॉ. नागेश्वरी कुमारी, डॉ. सत्य प्रकाश, डॉ रितेश लाल, डॉ अजय बर्नवाल, ज्ञान प्रकाश, मुकेश कुमार सहित अन्य का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




Apply Now Enquiry Now WhatsApp Now