आईसेक्ट विश्वविद्यालय हजारीबाग की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के तहत झुमरा बाजार स्थित दुर्गा मंडप परिसर और उसके आसपास स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने और स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
इस अभियान में विश्वविद्यालय के कृषि, फार्मेसी, कला एवं मानविकी, वाणिज्य एवं प्रबंधन, विज्ञान, इंजीनियरिंग, विधि विभाग सहित विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। एनएसएस समन्वयक डॉ प्रीति कुमारी और डॉ राजकुमार ने अभियान के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ गौरव शुक्ला ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। कुलसचिव डॉ मुनीष गोविंद ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा की भावना विकसित करना भी है।
समकुलपति डॉ एसआर रथ ने स्वच्छता के संदेश को अपने व्यवहार में उतारने की जरूरत पर जोर दिया।
अभियान का उद्देश्य स्वच्छता ही सेवा 2026 की भावना के अनुरूप लोगों की भागीदारी बढ़ाना और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूकता पैदा करना था। इस अभियान को सफल बनाने में कृषि, फार्मेसी, कला एवं मानविकी, वाणिज्य एवं प्रबंधन, विज्ञान, इंजीनियरिंग, विधि विभाग सहित अन्य विभागों के डीन एवं एचओडी की भूमिका भी सराहनीय रही। अंत में स्वच्छता को लेकर सभी विद्यार्थियों को शपथ भी दिलाई गई।